Subscribe Us

कृषि बिल- राज्यसभा में विपक्ष का आरोप- आंकड़ा नहीं था, फिर भी हमें न सुना गया

 नोखी आवाज कृषि बिल के राज्यसभा में पारित होने के बावजूद सरकार और विपक्ष के बीच जुबानी जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। विपक्ष का आरोप है कि किसान विरोधी विधेयक नियमों को ताक पर रख कर पारित किया गया। यह जानते हुए कि सदन में भाजपा को बहुमत नहीं है, विधेयक में संशोधनों को लेकर मतविभाजन नहीं कराया गया।



इसके लिए केवल वह (उप सभापति) जिम्मेदार हैं। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि हम मत विभाजन की मांग करते रहे और हमारी मांग सुनी ही नहीं गई। विपक्ष के आरोप पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि अगर नंबरों की बात करें तो उस दिन हमारे पक्ष में 110 वोट थे और इनके पक्ष में 72 वोट थे। अगर वो (8 सांसदों द्वारा प्रदर्शित अनियंत्रित व्यवहार) इस पर खेद व्यक्त करते हैं तो सरकार इस बात से सहमत है कि उन्हें सदन से बाहर नहीं होना चाहिए।


रविवार को सदन में अमर्यादित आचरण करने को लेकर तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ ब्रायन और आप के संजय सिंह सहित विपक्ष के आठ सदस्यों को सोमवार को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। संसद का मानसून सत्र एक अक्तूबर को समाप्त होना है। कांग्रेस के नेतृत्व में कई विपक्षी दलों ने आठ सदस्यों का निलंबन रद्द करने की मांग करते हुए उच्च सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया। उच्च सदन में सबसे पहले कांग्रेस सदस्यों ने कार्यवाही का बहिष्कार किया। इसके बाद आप, तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों के सदस्यों ने भी कार्यवाही का बहिष्कार किया।