Subscribe Us

विकास दुबे पर ढाई लाख का इनाम, तीन राज्यों में पुलिस की 100 टीमें दे रहीं दबिश

उतरप्रदेश। कानपुर एनकाउंटर को अंजाम देने के बाद फरार हुआ आठ पुलिस कर्मियों की मौत के जिम्मेदार दुर्दांत विकास दुबे पर इनाम की रकम बढ़ाकर एक लाख से ढाई लाख कर दी है। आईजी रेंज कानपुर मोहित अग्रवाल ने कुख्यात विकास पर इनाम की रकम बढ़ाने के लिए डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी को पत्र लिखा था। जिसके बाद इनाम की रकम को बढ़ाया गया है।


 



कानपुर के चौबेपुर में हुई मुठभेड़ को 80 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अब तक विकास दुबे का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। आठ पुलिसकर्मियों के शहीद होने के बाद पुलिस की 100 से अधिक टीमें तीन राज्यों में विकास की तलाश कर रही हैं। विकास को पकड़ने के लिए पुलिस ने उन्नाव टोल प्लाजा सहित जिलों के साथ यूपी के सभी बॉर्डरों पर उसकी फोटो लगाई गई है। जिससे उसकी पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद विकास मोबाइल का उपयोग नहीं कर रहा है। पहले भी वह स्मार्टफोन की जगह सामान्य मोबाइल का इस्तेमाल करता था। जिससे कि उसे ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। इससे पहले रविवार रात को सीतापुर के मिश्रिख इलाके के नैमिष में चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो लग्जरी गाड़ियों से 9 असलहे और 150 कारतूस बरामद किया। असलहों में 6 रायफल, एक बंदूक और दो पिस्टल पुलिस ने जप्त की हैं। दोनों गाड़ियों से 13 लोग हिरासत में लिए गए थे।



सूत्रों के अनुसार इनमें विकास दुबे का रिश्तेदार अनुपम दुबे और उसके दोस्त हैं। उसके खिलाफ फर्रूखाबाद जिले समेत कई थानों में 30 संगीन मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या तक के केस भी हैं। विकास का रिश्तेदार होने को लेकर पुलिस खुलकर बोलने से बच रही है। हालांकि पुलिस के कुछ सूत्रों ने यह जरूर कहा कि हो सकता कोई दूर का रिश्तेदार हो। सभी 13 लोगों पर कोरोना महामारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। एसपी आरपी सिंह ने बताया कि सभी से पूछताछ की जा रही है। यूपी की सीमाओं को सील कर दिया गया है। नेपाल बॉर्डर पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। विकास की अंतिम लोकेशन पुलिस ने औरैया में ट्रेस की थी। इसके बाद पुलिस अधिकारी ये बता रहे हैं कि वो यूपी की सीमाओं को सील करने से पहले ही यूपी छोड़ चुका था। पुलिस ने बिकरू गांव में विकास के मकान को जमींदोज कर दिया था। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके घर से भारी मात्रा में असलहा बारूद मिला है। पुलिस ने उसके घर की दीवारों में चुने हुए हथियार भी बरामद किए है। पुलिस ने विकास के बैंक खातों को सीज कर उसके संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है।